May 12, 2026
HEALTH

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के सहयोग से बिष्टुपुर स्थित कमानी सेंटर में एक दिवसीय ट्रेड लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर नए ट्रेड लाइसेंस बनवाए तथा पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराया।शिविर में कुल 10 नए ट्रेड लाइसेंस बनाए गए तथा 13 ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण किया गया। इस दौरान लगभग 55 हजार रुपये की राजस्व राशि एकत्रित हुई। चैंबर पदाधिकारियों ने बताया कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेड लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि व्यापारिक पारदर्शिता को बढ़ावा मिले और व्यापारी सरकारी नियमों के अनुरूप अपना व्यवसाय संचालित करते हुए देश एवं समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

शिविर का उद्घाटन जेनएसी के नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सभी आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेज समय पर बनवाने चाहिए, जिससे नगर प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। उन्होंने सिंहभूम चैंबर द्वारा व्यापारियों की सुविधा हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर व्यापारिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि चैंबर सदैव व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। व्यापारियों को जागरूक एवं संगठित कर उन्हें विधिसम्मत व्यापार के लिए प्रेरित करना चैंबर का प्रमुख उद्देश्य है।

उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने कहा कि व्यापारिक पारदर्शिता आज समय की आवश्यकता है। सभी व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस बनवाकर नियमों के तहत व्यवसाय करना चाहिए, जिससे शहर के व्यवस्थित विकास के साथ-साथ व्यापारियों की विश्वसनीयता भी बढ़े।महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन निरंतर करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी लाभान्वित हो सकें। वहीं सचिव ट्रेड एंड कॉमर्स भारत मकानी ने शिविर में आए व्यापारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष मानव केड़िया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल, सचिव भारत मकानी, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समीर मकानी, प्रतीक अग्रवाल, उमेश खिरवाल, अजय अग्रवाल सहित अनेक सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *