सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रीको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल-5/13 में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने कथित रूप से अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सरिता देवी (55) पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपनी बेटी सुप्रिया कुमारी (31) और बेटे रविशेक (30) की भी हत्या कर दी। बताया जाता है कि सुप्रिया की शादी 24 नवंबर, 2025 को हुई थी और वह गर्भवती थी। इन दिनों वह मायके आयी हुई थी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने खुद ही पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस और एएसपी ऋषभ त्रिवेदी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को घर से ही हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही और घटना के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार किया। हालांकि बाद में पुलिस पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार रविंद्र प्रसाद सिंह के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा और एक बेटी दिल्ली में रहते हैं, जबकि छोटी बेटी बारिडीह बस्ती स्थित अपने ससुराल में रहती है। छोटा बेटा रविशेख अपने माता-पिता के साथ एग्रीको स्थित आवास में रहता था।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी रही। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
