RO पानी को लेकर हुई एक भारतीय स्टडी ने Vitamin B12 की कमी के संभावित कनेक्शन पर नई चर्चा शुरू कर दी है। पश्चिमी भारत में 250 लोगों पर किए गए क्रॉस-सेक्शनल अध्ययन में RO पानी का इस्तेमाल करने वालों में B12 की कमी का अनुपात अन्य स्रोतों का पानी पीने वालों की तुलना में अधिक पाया गया।
अध्ययन में शामिल 250 प्रतिभागियों में से 70 यानी 28 प्रतिशत लोगों में Vitamin B12 की कमी थी। RO पानी पीने वाले 79 प्रतिभागियों में करीब 50.6 प्रतिशत लोगों में B12 की कमी पाई गई, जबकि अन्य स्रोतों का पानी इस्तेमाल करने वालों में यह आंकड़ा 17.5 प्रतिशत रहा।
शोधकर्ताओं ने RO पानी के इस्तेमाल और B12 की कमी के बीच सांख्यिकीय संबंध पाया। हालांकि, यह स्टडी यह साबित नहीं करती कि RO पानी सीधे Vitamin B12 की कमी का कारण बनता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक B12 मुख्य रूप से खान-पान से मिलता है। RO पानी में B12 मौजूद नहीं होता। वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि RO प्रक्रिया पानी के कुछ मिनरल्स और प्राकृतिक तत्वों को कम कर सकती है, जिसका आंतों के माइक्रोबायोम और B12 के अवशोषण पर अप्रत्यक्ष प्रभाव हो सकता है। लेकिन इस संभावित संबंध की पुष्टि के लिए अभी बड़े और लंबी अवधि के शोध की जरूरत है।
