May 21, 2026
HEALTH (1)

महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था फूलो-झानो वीमेन एम्पावरमेंट मिशन (डब्ल्यूईएम) की ओर से बुधवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर डॉ. के. कार्तिक अय्यर की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया, जिसमें शहरवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की ओर से बताया गया कि शिविर में 100 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इच्छागढ़ की विधायक सविता महतो थीं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत की परिकल्पना संभव नहीं है। उन्होंने झारखंड की वीरांगना फूलो-झानो के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक एवं झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी, समाजसेवी पूर्वी घोष, डॉ. हर्षिणी, डॉ. कार्तिक अभिषेक, डॉ. रमा सुब्रमणियम, तरु गांधी, डॉ. प्रसेंजीत तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता रवींद्रनाथ चौबे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वर्गीय डॉ. के.के. अय्यर के पुत्र डॉ. कार्तिक अभिषेक, पुत्रवधु डॉ. हर्षिणी तथा पुत्री डॉ. उपासना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं संस्था की सचिव एवं महिला विश्वविद्यालय जमशेदपुर की प्रोफेसर डॉ. त्रिपुरा झा के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में सहायक बनता है। रक्तदाताओं को संस्था की ओर से आकर्षक उपहार एवं जलपान देकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *