रानी मुखर्जी अभिनीत फिल्म ‘मर्दानी ३’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले सोमवार को २.४० करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म ने शुरुआती सप्ताहांत में अच्छी पकड़ दिखाई थी, लेकिन सोमवार के आंकड़ों में शुक्रवार (२.७५ करोड़) की तुलना में लगभग ४०-४५% की गिरावट देखी गई है। ४ दिनों के सफल प्रदर्शन के बाद फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब १३.४० करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म को ‘हिट’ की श्रेणी में आने के लिए सप्ताह के बाकी दिनों में अपनी कमाई की गति को स्थिर बनाए रखना होगा।
यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की सफलता अब काफी हद तक इसके दूसरे सप्ताहांत पर निर्भर करती है। यदि फिल्म कार्यदिवसों के दौरान प्रतिदिन २ करोड़ रुपये से अधिक का संग्रह करने में सफल रहती है, तो यह एक सम्मानजनक आंकड़े तक पहुँच सकती है। गोपी पुथरन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रानी मुखर्जी ने एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में दमदार अभिनय किया है, जिसे दर्शकों की सराहना मिल रही है। अब देखना यह है कि क्या यह फिल्म १५ फरवरी तक २० करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में सफल होती है।
