June 19, 2026
BIHAR (1)

सामाजिक सेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत जमशेदपुर यंगस्टर्स राउंड टेबल (JYRT) 338 ने बिष्टुपुर स्थित स्कूल ऑफ होप में 50 स्कूल बैग एवं दो सिलाई मशीनें प्रदान कीं। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा कौशल विकास को बढ़ावा देना है।

स्कूल ऑफ होप, बी रोड, नॉर्दर्न टाउन, बिष्टुपुर में आयोजित कार्यक्रम में जेवाईआरटी 338 के चेयरमैन ऋषभ अग्रवाल तथा एरिया-16 चेयरमैन अभिजीत मोहंती विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और संस्था भविष्य में भी इस तरह की जनकल्याणकारी गतिविधियों को जारी रखेगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच 50 स्कूल बैग वितरित किए गए, जबकि दो सिलाई मशीनें स्कूल को सौंपकर महिलाओं और युवाओं के कौशल विकास को सहयोग प्रदान किया गया। स्कूल प्रबंधन ने इस सहयोग के लिए जेवाईआरटी 338 के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जेवाईआरटी 338 के सदस्य गौरव लूथरा, विकास सिंह, तनय झावर, रवि खंडेलवाल, हर्षित झुनझुनवाला, चाहत पंचामिया एवं अहान पटेल भी उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने शिक्षा और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यों में आगे भी सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। संस्था के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *