August 29, 2026
SPORTS

जेएसए फुटबॉल लीग के सुपर डिवीजन मुकाबले में बाबूलाल सोरेन फुटबॉल अकादमी ने पंडित रघुनाथ मेमोरियल फाउंडेशन को 2-0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। गुरुवार को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोपहर 3:30 बजे शुरू हुए मैच में निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। मुकाबला गोलरहित समाप्ति की ओर बढ़ रहा था, तभी इंजुरी टाइम में बाबूलाल सोरेन फुटबॉल अकादमी ने लगातार दो गोल कर मैच का रुख बदल दिया।

अनूप हेंब्रम (जर्सी नंबर 17) ने 90+1वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। बराबरी के लिए पंडित रघुनाथ मेमोरियल फाउंडेशन ने प्रयास किया, लेकिन बाबूलाल सोरेन फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए बढ़त कायम रखी। इसके बाद कालीचरण हांसदा (जर्सी नंबर 35) ने 90+5वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की जीत 2-0 से सुनिश्चित कर दी।

पूरे मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान किसी भी खिलाड़ी को पीला या लाल कार्ड नहीं दिखाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *