जमशेदपुर के साकची स्थित साकची हाई स्कूल परिसर में पूर्ववर्ती छात्रों के विशेष प्रयास द्वारा आयोजित होने वाली एक दिवसीय अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्ववर्ती छात्र समिति के संयोजक शुभेंदु विश्वास ने किया। मौके पर पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम शर्मा की मौजूदगी बनी रही।
जानकारी देते हुए बताया गया कि यह प्रतियोगिता विद्यालय परिवार, पूर्ववर्ती छात्रों के समूह और पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के परस्पर सहयोग से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता दो वर्गों – बालक एवं बालिका वर्ग में होगी और पूर्णतः निशुल्क आयोजित की जाएगी। इसमें तकनीकी सहयोग पूर्वी सिंहभूम जिला खो-खो एसोसिएशन द्वारा दिया जा रहा है।
विजेता एवं उपविजेता टीमों को आयोजन समिति की ओर से ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति के संयोजक शुभेंदु विश्वास ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 16 टीमें और बालिका वर्ग में 14 टीमें विभिन्न विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेंगी।
प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम रूपा रानी तिर्की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कोलकाता की प्रख्यात फुटबॉलर प्रशांत बनर्जी एवं पश्चिम बंगाल के ख्यातिप्राप्त फुटबॉलर विश्वजीत दास उपस्थित रहेंगे।
शुभेंदु विश्वास ने बताया कि साकची हाई स्कूल द्वारा पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है और आयोजन समिति के सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
