October 13, 2026
WhatsApp Image 2026-10-13 at 12.04.08 PM

टाटा स्टील में कार्यरत योग्यताधारी कर्मचारियों के लिए अधिकारी बनने का मौका आया है। कंपनी प्रबंधन ने आंतरिक पदोन्नति प्रक्रिया के तहत नॉन-ऑफिसर कर्मचारियों से आईएल-6 ग्रेड में असिस्टेंट मैनेजर के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 34 डोमेन में अवसर दिए गए हैं। इच्छुक और पात्र कर्मचारी 30 अक्टूबर 2026 तक कंपनी के आंतरिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

डिग्री के अनुसार अनुभव की शर्त
कंपनी के टैलेंट एक्विजिशन एवं टैलेंट डेवलपमेंट विभाग की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, टाटा स्टील और उसकी विलय की गई इकाइयों के पात्र नॉन-ऑफिसर तथा ओएल ग्रेड के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नियमित रूप से प्राप्त डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है। बीई, बीटेक, एमई या एमटेक डिग्रीधारकों के लिए न्यूनतम तीन साल का सेवा अनुभव अनिवार्य है। डिप्लोमा, स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्रीधारकों के लिए कम से कम पांच साल का अनुभव जरूरी है। लैटरल एंट्री से आए बीई-बीटेक कर्मचारियों के पास पूर्व का तीन साल का अनुभव और टाटा स्टील में कम से कम दो साल की सेवा होनी चाहिए।

34 डोमेन में आवेदन का विकल्प
कर्मचारी एडमिनिस्ट्रेशन, ब्लास्ट फर्नेस, ऑटोमेशन मेंटेनेंस, सिविल, कोक प्लांट, कोल्ड रोलिंग, इलेक्ट्रिकल, सुरक्षा, मैकेनिकल, माइनिंग ऑपरेशंस, मानव संसाधन, विधि, लॉजिस्टिक्स, सिक्योरिटी और स्टील मेकिंग समेत कुल 34 डोमेन में आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक कर्मचारी अधिकतम तीन डोमेन का विकल्प चुन सकता है। आवेदन जमा करने के बाद डोमेन बदलने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से होगा चयन
चयन के लिए डोमेन आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। सुरक्षा विभाग के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा भी देनी होगी। पिछले तीन मूल्यांकन चक्रों में 11 या उससे अधिक प्रदर्शन रेटिंग स्कोर हासिल करने वाले पात्र ओएल ग्रेड कर्मचारियों को लिखित परीक्षा से छूट देकर सीधे साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा। चयनित कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण के बाद रिक्तियों के अनुसार विभिन्न लोकेशन पर नियुक्त किया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन
पात्र कर्मचारी कंपनी के आंतरिक पोर्टल https://irisapp.corp.tatasteel.com/recruit/Location.aspx पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *