July 22, 2026
sports

डूरंड कप के आगाज से पहले जमशेदपुर एफसी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य कोच कैजाद अंबापरदिवाला की देखरेख में टीम रांची में होने वाले ग्रुप-सी मुकाबलों के लिए कड़ा अभ्यास कर रही है।टीम में अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों के साथ क्लब की युवा विकास प्रणाली से जुड़े प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों की फिटनेस, सामरिक रणनीति और टीम तालमेल पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्य कोच कैजाद अंबापरदिवाला ने कहा कि खिलाड़ियों ने शिविर में लौटने के बाद से शानदार समर्पण और अनुशासन का परिचय दिया है। प्रत्येक अभ्यास सत्र प्रतिस्पर्धात्मक रहा है और टीम दुरंड कप की चुनौती के लिए पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है।उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं, जबकि युवा खिलाड़ियों ने भी आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मिले अवसर का पूरा लाभ उठाया है। टीम के भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल भविष्य में बेहतर प्रदर्शन में मददगार साबित होगा।

जमशेदपुर एफसी अपने दुरंड कप अभियान की शुरुआत 26 जुलाई को श्रीलंका के डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ करेगी। इसके बाद 4 अगस्त को स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली और 13 अगस्त को इंडियन एयर फोर्स फुटबॉल टीम से मुकाबला होगा। ग्रुप-सी के सभी मैच रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। दुरंड कप को आगामी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्लब का मानना है कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित कर पहली टीम में जगह बनाने का बेहतरीन अवसर भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *