जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि वह 2026-27 सीजन से इंडियन सुपर लीग में हिस्सा नहीं लेगी। क्लब ने शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की। यह फैसला हाल के दिनों में क्लब की ISL भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों के बीच सामने आया है।
क्लब ने अपने बयान में कहा कि हालांकि वह आईएसएल में नहीं खेलेगा, लेकिन जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्ट्स प्रमोशन लिमिटेड भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगा। संस्था जमीनी स्तर (ग्रासरूट) से युवा खिलाड़ियों की पहचान और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए काम करती रहेगी।
जमशेदपुर एफसी ने अपने समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को “फर्नेस” बनाने वाले हजारों प्रशंसकों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। क्लब ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, कर्मचारियों और सहयोगियों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने 2017 में क्लब की स्थापना के बाद उसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के सहयोग के लिए आभार जताते हुए भारतीय फुटबॉल और ISL के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
