August 12, 2026
sports

डूरंड कप के ग्रुप सी में अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए जमशेदपुर एफसी अब करो या मरो के मुकाबले के लिए तैयार है। टीम का सामना 13 अगस्त को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, रांची में इंडियन एयरफोर्स फुटबॉल टीम से होगा। इस मुकाबले में जीत जमशेदपुर एफसी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।जमशेदपुर एफसी ने टूर्नामेंट की शुरुआत डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ शानदार 5-0 की जीत से की थी। हालांकि, दूसरे मुकाबले में उसे स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। अब ग्रुप से क्वालीफाई करने की उम्मीदें अंतिम मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं। टीम मुख्य कोच कैजाद अंबापरडिवाला के मार्गदर्शन में मुकाबले की तैयारियों में जुटी है।टीम के विंगर मोहम्मद सनान अब तक टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन कर चुके हैं। डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ उन्होंने दो गोल में असिस्ट किया था, जबकि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ जमशेदपुर एफसी की ओर से एकमात्र गोल भी सनान ने किया।

हार के बावजूद सनान का कहना है कि टीम का मनोबल मजबूत है और सभी खिलाड़ी अगले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ परिणाम निराशाजनक रहा, लेकिन टीम में सकारात्मक माहौल है। सभी खिलाड़ी अगले मैच की अहमियत समझते हैं और प्रशिक्षण में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।सनान ने टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा अकादमी खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल को भी अहम बताया। उनके अनुसार वरिष्ठ खिलाड़ी युवाओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं, वहीं युवा खिलाड़ी टीम में नई ऊर्जा ला रहे हैं। सभी खिलाड़ी एक-दूसरे को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।दो मैचों में तीन गोल योगदान के बावजूद सनान ने कहा कि व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम की जीत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एयरफोर्स के खिलाफ सभी खिलाड़ियों को अपना शत-प्रतिशत देना होगा और जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा।

रांची के दर्शकों के समर्थन को लेकर भी सनान ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि रांची में प्रशंसकों का समर्थन शानदार रहा है और टीम चाहती है कि इस बार भी उन्हें जश्न मनाने का मौका मिले। जमशेदपुर एफसी अंतिम सीटी तक पूरी ताकत से मुकाबला करेगी। जमशेदपुर एफसी और इंडियन एयरफोर्स फुटबॉल टीम के बीच मुकाबला 13 अगस्त को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेला जाएगा। ग्रुप सी से अगले दौर में पहुंचने के लिए यह मुकाबला जमशेदपुर एफसी के लिए निर्णायक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *