इंडियन एयरफोर्स फुटबॉल टीम को 6-0 से करारी शिकस्त देकर आत्मविश्वास से लबरेज जमशेदपुर एफसी अब 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल में मोहन बागान सुपर जायंट से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 17 अगस्त को शाम चार बजे कोलकाता में खेला जाएगा। ग्रुप-सी अभियान का शानदार अंत करने वाली जमशेदपुर एफसी की टीम नॉकआउट चरण में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।
इंडियन एयरफोर्स के खिलाफ बड़ी जीत में टीम के युवा खिलाड़ियों का प्रभाव भी देखने को मिला। अब क्वार्टर फाइनल में टीम के सामने टूर्नामेंट की मजबूत दावेदार मानी जा रही मोहन बागान एसजी की चुनौती होगी। मुख्य कोच कैजाद अंबापरदीवाला युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा और अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव का बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश करेंगे। टीम में प्रणय हलधर, प्रतीक चौधरी, रैनियर फर्नांडिस और एल्बिनो गोम्स जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं।
कोलकाता में होने वाला यह मुकाबला जमशेदपुर एफसी की अकादमी से निकले खिलाड़ियों के लिए भी अहम होगा। उन्हें देश के शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। जमशेदपुर एफसी की नजर अब जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर है।
