अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातमी ने अमेरिकी सैनिकों को लेकर बेहद विवादित घोषणा की है। ईरानी सेना ने किसी अमेरिकी सैनिक को मारने या पकड़कर सौंपने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर, यानी करीब 5 अरब ईरानी तोमान का इनाम देने की घोषणा की है। ईरानी सरकारी मीडिया के हवाले से कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने रविवार, 16 अगस्त को इसकी जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ अमीर हातमी ने तेहरान में एक संबोधन के दौरान इस योजना की घोषणा की। उन्होंने दावा किया कि देश के लोगों की ओर से आर्थिक रूप से सैन्य प्रयासों में सहयोग करने के लिए बड़ी संख्या में अनुरोध मिलने के बाद यह व्यवस्था बनाई गई है। घोषणा के मुताबिक किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी को मारने या पकड़कर सौंपने पर 30 हजार डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा। रिपोर्टों के अनुसार हातमी ने यह भी कहा कि यदि कोई ईरानी महिला ऐसा करती है तो पुरस्कार की राशि दोगुनी होगी। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिकी सैनिकों के साथ ऐसी मुठभेड़ कहां या किन परिस्थितियों में होने की संभावना है। रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान में अमेरिकी जमीनी सैनिकों की व्यापक तैनाती की पुष्टि नहीं हुई है। यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गंभीर स्तर पर बना हुआ है। अमीर हातमी ने अपने संबोधन में एक बार फिर अमेरिकी सैन्य मौजूदगी का विरोध किया और अमेरिका से मध्य पूर्व से बाहर निकलने की बात कही। उन्होंने फारस की खाड़ी, ओमान की खाड़ी और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया।
