इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट द्वारा संचालित सहयोग सिलाई केंद्र आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित बालिकाओं को सिलाई-कटिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। केंद्र की स्थापना वर्ष 2016-17 में की गई थी।
केंद्र में जरूरतमंद बालिकाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के योग्य बनाने के उद्देश्य से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए अनुभवी एवं प्रशिक्षित शिक्षिका की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक वर्ष कम से कम तीन बैच में तीन माह का प्रशिक्षण संचालित किया जाता है। अब तक 16 से अधिक बैच प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। वर्तमान में सहयोग सिलाई केंद्र साकची हाई स्कूल में संचालित हो रहा है। इसी सप्ताह शुरू हुए नए बैच में 26 बालिकाओं ने नामांकन कराया है। प्रशिक्षण के लिए क्लब की ओर से केंद्र को पांच सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली जरूरतमंद एवं योग्य बालिकाओं में से कुछ को क्लब की ओर से सिलाई मशीन भी प्रदान की जाती है, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। क्लब का यह प्रयास प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर बालिकाओं को सम्मानजनक आजीविका और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
