बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र के चकारम में बुधवार की देर शाम बाइक सवार तीन अपराधियों ने मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में घुसकर पार्षद पति व पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव पर फायरिंग कर दी। उस समय वह अपने समर्थकों के साथ कार्यालय में बैठे थे। फायरिंग में उन्हें पांच गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों हमलावर बाइक से बेसमेंट में पहुंचे। इनमें दो ने हेलमेट और एक ने टोपी पहन रखी थी। बाइक रोकने के बाद दो हमलावरों ने पिस्टल निकाली और अनिल कुमार पर फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके से सात खोखे बरामद किए गए हैं। घटना के समय गार्ड बृज मोहन पांडेय भी बेसमेंट में मौजूद थे, लेकिन उनके पास राइफल नहीं थी। उन्होंने हमलावरों को रोकने के लिए पास में रखी कुर्सी फेंकी और बाइक गिराने का प्रयास किया। हालांकि, हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले।
भर्ती
फायरिंग के बाद अनिल कुमार को गंभीर हालत में बोरिंग रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनके शरीर से दो गोलियां निकालीं। इसके बाद स्वजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें कंकड़बाग स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। अनिल कुमार पटना नगर निगम के वार्ड 24 से पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी ज्ञानवती देवी पार्षद हैं। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार जनसुराज से भी जुड़े हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बांकीपुर विधायक और जनसुराज नेता प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 100 और एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
