August 4, 2026
image (3)

मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मढ़ौरा-खौरा मुख्य सड़क पर मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर सोमवार को बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान पटेढ बैज गांव के रहने वाले धर्मनाथ सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. घटना के संबंध में बताया गया कि बिट्टू मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर स्थित एक जनरल स्टोर की गुमटी के पास खड़ा था.
इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए बेखौफ अपराधियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी रेल फैक्ट्री रोड की ओर फरार हो गए. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
परिजनों के अनुसार, बिट्टू पिछले छह महीने से एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी बॉय का काम कर रहा था. घटना से ठीक पहले वह सुबह पटेढी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शिवपुराण कथा के जलभरी कार्यक्रम में शामिल हुआ था. वहां से वह किसी जरूरी काम से मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर आया था, जहां अपराधियों ने उसे अपना निशाना बना लिया. मृतक का पैतृक गांव घटनास्थल से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. ग्रामीणों में आक्रोश, आगजनी कर रोड किया जाम
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गयी. आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड पर आगजनी कर मढ़ौरा-खैरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने और आक्रोशित भीड़ को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही पुलिस के घेरे के बीच पड़ा हुआ था. परिजन वरीय अधिकारियों को घटना स्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *