August 5, 2026
SPORTS

डूरंड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में जमशेदपुर एफसी को मंगलवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ 2-1 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बावजूद दूसरे हाफ में टीम अपनी लय कायम नहीं रख सकी और दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुख्य कोच कैजाद अंबापारदिवाला ने डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम में एक बदलाव करते हुए अभिषेक अंबेकर की जगह निखिल बारला को शुरुआती एकादश में शामिल किया। घरेलू दर्शकों के समर्थन से उत्साहित जमशेदपुर एफसी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मोहम्मद सनान, अमन सीके और रेनियर फर्नांडिस ने लगातार दिल्ली के रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया।

इसका फायदा 22वें मिनट में मिला, जब प्रणय हलदर ने अपने हाफ से शानदार लंबा पास दिया। सनान ने बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए रक्षक को छकाया और जोरदार बाएं पैर के शॉट से गेंद को गोल में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ के अंत में एससी दिल्ली ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति ने बढ़त बरकरार रखते हुए हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त कायम रखी। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मुकाबले का रुख बदल गया। 51वें मिनट में लालरिनलियाना ह्नामटे ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके मात्र पांच मिनट बाद उन्होंने बाएं छोर से आए क्रॉस पर शानदार फर्स्ट-टाइम फिनिश कर अपना दूसरा गोल दागते हुए एससी दिल्ली को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद जमशेदपुर एफसी ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए। इंजुरी टाइम में लालह्रियातपुइया चावंगथु ने लंबी थ्रो पर शानदार हेडर लगाया, लेकिन गेंद क्रॉसबार के ऊपर से निकल गई और टीम बराबरी करने से चूक गई।

मुकाबले के अंतिम क्षणों में एससी दिल्ली के आशुतोष मेहता को मोहम्मद सनान पर खतरनाक टैकल के लिए सीधे लाल कार्ड दिखाया गया, जिससे दिल्ली 10 खिलाड़ियों के साथ रह गई। अतिरिक्त खिलाड़ी का लाभ उठाने के बावजूद जमशेदपुर एफसी बराबरी का गोल नहीं कर सकी और उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बावजूद जमशेदपुर एफसी की ग्रुप-सी से अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें अभी बरकरार हैं। टीम अब अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में इंडियन एयर फोर्स एफटी के खिलाफ जीत दर्ज कर वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *