September 24, 2026
images (3)

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम मंगलवार को घोषित किया। सभी 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी।

आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीटें और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है।

उत्तर प्रदेश से जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव के अलावा अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, नीरज शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और दिनेश शर्मा शामिल हैं। उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर को समाप्त होगा।

वहीं, पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट पर रुक्मिणी मलिक के इस्तीफा देने से हुई आकस्मिक रिक्ति को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 06 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 07 अक्टूबर को होगी तथा उम्मीदवार 09 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

16 अक्टूबर को सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 05 बजे से मतगणना शुरू होगी।

राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं। आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया के लिए मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के वास्ते निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन के इस्तेमाल का प्रावधान किया है। ये पेन निर्वाचन अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *