October 3, 2026
image (4)

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चांदनी मार्केट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब तीन बजे एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और धुआं पूरे इलाके में फैल गया। घटना के वक्त मार्केट में कई दुकानदार और ग्राहक मौजूद थे। आग लगने के बाद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे, जबकि कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया। स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरा पूरा गोदाम जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चांदनी मार्केट की इमारत में थर्ड फ्लोर के ऊपर करकट का स्ट्रक्चर तैयार किया गया था। इसी हिस्से में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का गोदाम बनाया गया था। आग इसी गोदाम में लगी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा कि गोदाम एक माह पहले ही तैयार कराया था। दिवाली को देखते हुए यहां इलेक्ट्रिक सामान का स्टॉक जमा किया गया था।
बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और बिजली से जुड़े सामान रखे होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीएफओ अभिषेक कुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। हालांकि, बिल्डिंग तक पहुंचने वाली गली काफी संकरी होने के कारण दमकल की टीम को आग बुझाने के दौरान परेशानी हुई। फायर कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
दमकल की टीम का मुख्य प्रयास आग को गोदाम तक सीमित रखने के साथ आसपास की दुकानों और मार्केट के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकना था। लगातार आग की लपटें उठने और घना धुआं निकलने से राहत एवं बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बना रहा।
एक दुकानदार ने बताया कि घटना के समय वह ग्राहकों से डील कर रहे थे। इसी दौरान अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। लोग इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों और गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी के अनुसार शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आग लगने के बाद इलेक्ट्रॉनिक सामान ने आग को और भड़काने का काम किया। घटना के बाद चांदनी मार्केट में निर्माण और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। डीएफओ अभिषेक कुमार के अनुसार नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *