अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर शीतला माता मंदिर ओवर ब्रिज के नीचे दो लोगों के पास से हैंडग्रेनेड व पांच गोली बरामद किया।
दोनो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को सुरक्षित कराते हुए बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। पुलिस के अनुसार आरोपितों में एक पटना सिटी और दूसरा नालंदा जिले का निवासी है। दोनों से अगमकुआं थाना में पूछताछ जारी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास हैंडग्रेनेड और कारतूस कहां से आए और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। बरामद हैंडग्रेनेड की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता पहुंचा है।
बम को डिफ्यूज करने की तैयारी
जांच में उसके जिंदा होने की पुष्टि होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया जारी है । पुलिस दोनों संदिग्धों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित कनेक्शन की भी जानकारी जुटा रही है।
सिटी एसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो लड़के अवैध हथियार बेचने की तैयारी में हैं। इसके बाद टीम बनाकर शीतला माता मंदिर के पास पुल के नीचे धावा बोला गया।
वहां पांच गोलियां और एक हैंडग्रेनेड मिला। उसे डिफ्यूज करने की तैयारी की जा रही है।
