September 30, 2026
BIHAR

एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से रेड रन के तहत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए 3 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, रांची के सौजन्य से जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला प्रशासन के खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह एचआईवी/एड्स नोडल पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी मंटू पातर तथा टाटा स्टील खेल विभाग से डॉ. हसन मलिक इमाम एवं फिरोज खान उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. साहिर पाल ने कहा कि रेड रन जैसे आयोजन युवाओं को खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ-साथ एचआईवी/एड्स के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों और भेदभाव को दूर कर जागरूक एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता परिणाम :

  • बालिका वर्ग : पानो बास्के – प्रथम, लक्ष्मी मुर्मू – द्वितीय, सिंगों हेम्ब्रम – तृतीय
  • बालक वर्ग : बबलू टुडू – प्रथम, मुकेश कुमार – द्वितीय, निखिल कुमार – तृतीय

दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बालक एवं बालिका वर्ग के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी छह विजेता खिलाड़ी 30 सितंबर को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय RED RUN प्रतियोगिता में भाग लेंगे और पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन खेल उद्घोषक डॉ. श्याम कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ICTC काउंसलर डॉ. रामचंद्र सिंह, दुर्योधन साहू, अनीता कुमारी, वर्णा डेथ सोरेन, पूजा कुमारी, कुंदन कुमार, अजय कुमार, मनीष जोंको, नितिन कुमार, पंकज शर्मा, जितेंद्र चौधरी, देव कुमार, कंचन कुमार, परिवर्ता महापात्रा, श्रीकांत बारी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *