टाटा स्टील के एलडी-2 विभाग ने उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग ने अक्टूबर 2026 में 41.2 केटी (किलो टन) उत्पादन कर अक्टूबर 2024 में बनाए गए 36.5 केटी के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। स्कार्पिंग के बाद हासिल की गई इस उपलब्धि से विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि की खुशी में सोमवार को शाम पांच बजे एलडी-2 के सभागार में केक कटिंग समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टाटा स्टील के वीपी चैतन्य भानु और वीपी (चीफ फ्लैट प्रोडक्ट) अभिजीत ननावटी ने विभागीय टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर अभिजीत ननावटी ने कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। जमशेदपुर में उत्पादित स्टील की गुणवत्ता की मांग आज भी बनी हुई है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर कार्य की सराहना करते हुए इसी तरह प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभागीय चेयरमैन सह चीफ हरि बाबू, कमेटी मेंबर एवं जेडीसी वाइस चेयरमैन आरके झा, गुरुशरण सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, अमोद दुबे, कमेटी मेंबर मंगल महतो समेत एलडी-2 के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने इस उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी।
