सर्दी की ऋतु आते ही कई व्यक्तियों की नाक बंद होने लगती है, जिससे सांस मुंह से लेनी पड़ती है, नींद पूरी नहीं हो पाती और सिर भारी हो जाता है, और कई बार ऐसी ही स्थिति से गुजरना पड़ता है। असल में नाक बंद होना कोई बीमारी नहीं है, पर कई लोग ऐसी हालत में फौरन नाक की दवा डाल लेते हैं, जबकि रोज-रोज दवा डालना उचित नहीं है क्योंकि इससे नाक और ज्यादा जाम होने लगती है। राहत की बात यह है कि आप बिना दवा के घर में मौजूद चीजों से इससे राहत पा सकते हैं, इसलिए आइए जानते हैं बंद नाक को खोलने के उपाय। सबसे पहले यह बात समझनी चाहिए कि नाक बंद होने का मतलब यह नहीं है कि नाक में बलगम भरा है, बल्कि जब हमें सर्दी, एलर्जी या वायरल होता है तो नाक के अंदर की नसें फूल जाती हैं। इसी सूजन की वजह से हवा जाने का रास्ता पतला हो जाता है और हमें लगता है कि नाक जाम हो गई है, जबकि धूल, धुआं, ठंडी हवा और बदलता मौसम भी इसकी वजह बनते हैं, और बच्चों व बुजुर्गों को यह दिक्कत सबसे ज्यादा होती है। इसलिए नाक खोलने के लिए बलगम निकालने से ज्यादा, अंदर की सूजन को कम करना जरूरी है। बंद नाक से राहत पाने के लिए सबसे पहला और सबसे असरदार उपाय भाप लेना है, जिसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबालकर उसमें थोड़ा सा विक्स या 2 से 3 बूंद यूकेलिप्टस का तेल डाल दें और सिर पर तौलिया डालकर उस भाप को धीरे-धीरे नाक से अंदर लें, जिससे 5 से 7 मिनट में ही नाक खुल जाएगी और सिर का भारीपन भी कम हो सकता है। इसके अलावा रात को नाक बंद हो तो सोने का तरीका बदलकर देखना चाहिए और बिल्कुल सीधे न सोकर थोड़ा ऊंचा रखकर सोने से नाक में खून का दबाव कम होता है और नाक जल्दी खुल जाती है। वहीं सरसों का तेल एक पुराना देसी नुस्खा है, जिसमें एक बूंद गुनगुना सरसों का तेल नाक के आसपास हल्के से लगा लेने पर नाक के अंदर की खुश्की खत्म होती है और सांस लेने में आसानी होती है।
