बिहार के दरभंगा जिले में आग लगने की दो बड़ी घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है. बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र गांव और कुशेश्वरस्थान बाजार में भीषण अगलगी से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं. दोनों घटनाओं में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. बिशनपुर में आग की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए, जबकि एक व्यक्ति का पैर टूट गया. सभी घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है.दरअसल, पहली घटना बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र गांव की है. यहां जगदीश शाह की मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया. इस घटना में जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह और चांदनी देवी झुलस गए. बताया जा रहा है कि रमेश शाह आग से बचने के लिए छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया. सभी घायलों को इलाज के लिए DMCH भेजा गया है. इस अगलगी में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. इस घटना ने परिवार की खुशियों को भी गहरे सदमे में बदल दिया. बताया गया कि आगामी 30 नवंबर को जगदीश शाह के बेटे हीरालाल शाह की शादी होनी थी. शादी के लिए खरीदा गया सामान और घर में रखी तैयारियों से जुड़ी चीजें भी आग की भेंट चढ़ गईं. परिवार के लिए यह हादसा दोहरी मार बनकर आया है. कुशेश्वरस्थान में तीन दुकानें जलकर राख
आग की दूसरी बड़ी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार में हुई. यहां दो फर्नीचर दुकानों और एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से तीनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. इस घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. राहत की बात यह रही कि यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आग लगने के कारणों की जांच
जिले में एक ही दौरान हुई अगलगी की इन दो घटनाओं से व्यापारियों और लोगों में चिंता का माहौल है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. नुकसान का आकलन किया जा रहा है. बिशनपुर की घटना में घायल हुए लोगों का इलाज जारी है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों जगह आग किन परिस्थितियों में लगी.
