October 1, 2026
image (3)

मुजफ्फरपुर में सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक स्थित एलएन मिश्रा कॉलेज के पास बुधवार को सीनियर-जूनियर छात्रों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एक छात्र का सिर फट गया, जबकि दूसरे की नाक से खून निकलने लगा। चाकूबाजी के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
हिरासत में लिए गए छात्रों ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के कुछ सीनियर छात्र बाहर एक दुकान के पास सिगरेट पी रहे थे। उसी दौरान वहां एक जूनियर छात्र पहले से मौजूद था। सीनियर छात्रों ने उसे वहां से जाने के लिए कहा। जूनियर छात्र के वहां से नहीं जाने पर सीनियर छात्र ने खुद को सीनियर बताते हुए उसे जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के बाद शुरू हुई चाकूबाजी

बहस बढ़ने के बाद दोनों छात्रों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान चाकू निकल गया और दोनों एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। घटना में दोनों छात्र घायल हो गए। एक छात्र को गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरे छात्र का भी इलाज कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दोनों छात्रों को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। कॉलेज के आसपास घटना को लेकर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि दोनों छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *