इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने अपने खेल से लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन किया है। अब उनके 18 वर्षीय बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ भी पिता की राह पर आगे बढ़ते हुए अपने बल्ले से जलवा बिखेर रहे हैं। वन-डे कप 2026 में लंकाशायर और समरसेट के बीच टांटन में खेले गए मुकाबले में रॉकी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं।
11 अगस्त 2026 को खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लंकाशायर ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 443 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रॉकी फ्लिंटॉफ ने सिर्फ 76 गेंदों में 123 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 161.84 का रहा।
लंकाशायर की ओर से कीटन जेनिंग्स ने भी शानदार शतक लगाया। उन्होंने 127 गेंदों में 15 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 156 रन बनाए। वहीं, मैट्टी हर्स्ट ने 44 गेंदों में 47 और जैक ब्लैथरविक ने सिर्फ 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए।
444 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी समरसेट की पूरी टीम 39.2 ओवर में 269 रन पर सिमट गई। टॉम लैमनबी ने 58 गेंदों में 68 रन बनाए, जबकि जोशुआ थॉमस ने 24 गेंदों में 42 और जोश शॉ ने 20 गेंदों में 34 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद समरसेट को 134 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
