
बाइक सवार बदमाशों ने गुरुवार की सुबह राजद के प्रदेश महासचिव पंकज यादव पर गोलियां चलाईं। एक गोली उनके न सीने में लग गई। उन्हें उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। साले की रिहाई के लिए पैरवी नहीं करने पर घटना को अंजाम दिया गया। घायल के बयान पर दो लोगों को आरोपित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पंकज यादव सुबह सफियाबाद हवाई अड्डा मैदान में टहल रहे थे। पूर्व से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें खदेड़कर गोलियां मारी। इस क्रम में एक गोली बायीं तरफ सीने में लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने दो खोखे बरामद किए गए हैं। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि घायल पकंज यादव के बयान पर अभिषेक कुमार उर्फ मिट्टू कुमार और नमन कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है।
पंकज ने बताया कि उनके गांव के मिट्टू यादव का साला सावन कुमार मारपीट के मामले में जेल में बंद है। सावन कुमार ने भुनेश्वर मंडल की जमीन व मकान पर कब्जा कर लिया था। भुनेश्वर मंडन ने कुछ माह पूर्व इन्हें वापस ले लिया था। एक माह पहले भुनेश्वर मंडल के पुत्र सरोज मंडल के साथ सावन कुमार व मिट्टू कुमार ने मारपीट की था। इस मामले में दोनों को नामजद किया गया। पुलिस ने सावन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।