July 18, 2026
image

मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ हाट के नजदीक शुक्रवार को करीब 11.30 बजे नाला खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन की टक्कर से पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गया।
पाइपलाइन फटने के बाद तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गैस रिसाव का असर पाइपलाइन से सटे हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल तक पहुंच गया, जहां कक्षाओं में गैस फैलने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने तत्काल छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए स्कूल की छुट्टी कर दी। हालांकि गैस की चपेट में आने से हाई स्कूल की सात छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी छात्राओं को आनन-फानन में इलाज के लिए मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि छात्राओं की हालत चिंताजनक बनी हुई है। स्कूल के शिक्षक हाशिम बरकतुल्लाह ने बताया कि सड़क किनारे जेसीबी से नाला खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन की टक्कर से गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही गैस तेजी से निकलने लगी और स्कूल के कक्षों में प्रवेश कर गई। गैस के प्रभाव से छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई है। वे बेहोश हो गईं हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव रोकने के प्रयास में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *