प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा माना जा रहा है। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम हुगली जिले के तारकेश्वर से शुरू होगा, जहां वे पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में भाग लेने के साथ बाबा तारकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
दौरे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 20 जून का दिन पश्चिम बंगाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, इसलिए यह विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि तारकेश्वर का श्यामा प्रसाद मुखर्जी से ऐतिहासिक संबंध रहा है और बंगाल की संस्कृति तथा पहचान की रक्षा में उनके योगदान के कारण यह स्थान विरासत और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने बताया कि तारकेश्वर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार वे सबसे पहले बाबा तारकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में शामिल होंगे और जनता को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे रेल, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं सहित कई विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी प्रधानमंत्री संवाद कर सकते हैं।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जाएगी। भाजपा नेताओं का दावा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य में विकास, सुशासन और केंद्र-राज्य सहयोग को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
प्रधानमंत्री शाम को कोलकाता पहुंचेंगे। रविवार को वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और देशवासियों को योग तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
