जेएसए फुटबॉल लीग-2026 के सुपर डिवीजन का खिताब मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने अपने नाम कर लिया। बुधवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए रोमांचक फाइनल में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। मैच के दूसरे हाफ में जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर ने बढ़त बनाई। रवि राज मुर्मू ने 46वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किया और 78वें मिनट में सचिन सिंह सरदार ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय तक यही स्कोर रहा।
इसके बाद चैंपियन का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने पांच पेनल्टी को गोल में बदला, जबकि जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर की टीम चार पेनल्टी ही गोल में बदल सकी। इस तरह मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने सुपर डिवीजन का खिताब जीत लिया। मैच के इंजरी टाइम में जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर के गोल स्कोरर रवि राज मुर्मू को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। वहीं मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के गोप्त सोय को 42वें मिनट और प्रसाद मुर्मू को 90+1वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया।
मैच अधिकारी : विष्णु टुडू, प्रदीप्तो सरकार, भीमा मुर्मू, सूरज सोरेन और बीर सिंह रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान
फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इसमें ए डिवीजन अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल भावना और अनुशासन के लिए खिलाड़ियों को व्यक्तिगत एवं विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
