शहर के बिष्टुपुर की रहने वाली अशिमा कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने DK Pageant Pride Mrs. India 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। प्रतियोगिता का भव्य फिनाले 3 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के होटल ताज विवांता, द्वारका में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 75 प्रतिभागियों को फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया। इन सभी प्रतिभाशाली फाइनलिस्टों को पीछे छोड़ते हुए अशिमा कुमार ने Pride Mrs. India 2026 का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में जमशेदपुर की बेटी का राष्ट्रीय मंच पर विजेता बनना शहर और राज्य के लिए गौरव की बात है।
अशिमा कुमार ने बताया कि उन्हें बचपन से ही मिस इंडिया बनने का सपना था, लेकिन उस समय उन्हें अवसर नहीं मिल पाया। शादी के बाद परिवार का पूरा सहयोग मिलने से उन्होंने दोबारा अपने सपने को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को देते हुए कहा कि उनके पति डॉ. आदित्य कुमार, जो पेशे से डेंटिस्ट हैं, सहित परिवार के सभी सदस्यों ने उन्हें लगातार प्रोत्साहित किया। उनकी 16 वर्षीय बेटी भी उनकी इस यात्रा में प्रेरणा का स्रोत रही है। उन्होंने समाजसेवी पूर्वी घोष के प्रति भी विशेष आभार जताया। अशिमा के अनुसार, पूर्वी घोष ने उन्हें पेजेंट में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों के विश्वास ने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अशिमा कुमार इससे पहले Mrs. Jharkhand 2025 का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। अब Pride Mrs. India 2026 का ताज जीतने के बाद उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के साथ-साथ जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन करना है। अशिमा ने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके परिवार, शुभचिंतकों और पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, “मैं जमशेदपुर की बेटी और झारखंड की बेटी हूं। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन करना मेरा लक्ष्य है।”
