July 4, 2026
POLITICS (1)

शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को एनडीए के आह्वान पर जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद को भाजपा, जदयू, आजसू सहित कई सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला।  सुबह से ही बंद समर्थक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और बाजारों में उतरे तथा लोगों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो, कदमा, सोनारी, गोलमुरी और आदित्यपुर समेत कई क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। कई निजी स्कूलों ने भी एहतियातन अवकाश घोषित किया, जबकि सार्वजनिक परिवहन पर भी बंद का असर दिखाई दिया।

बंद समर्थकों ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम नागरिक और व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बंद के दौरान अधिकांश स्थानों पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। हालांकि कुछ जगहों पर बंद समर्थकों ने बाजार बंद कराने के लिए जुलूस निकाले और नारेबाजी की। कुल मिलाकर शहर में बंद का व्यापक प्रभाव देखा गया और सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *