November 27, 2026
WhatsApp Image 2026-11-27 at 10.10.48 AM

सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर में गुरुवार को 77वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने संस्थान के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक और अनुसंधान आत्मनिर्भर भारत की मजबूती का आधार हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 1950 में स्थापित एनएमएल ने पिछले सात दशकों में खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। संस्थान ने इस्पात, खनन, एल्युमिनियम, ऊर्जा और परिवहन जैसे क्षेत्रों को अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों के बेहतर उपयोग, आधुनिक पदार्थों के विकास और औद्योगिक अपशिष्टों के पुनर्चक्रण पर जोर दिया। साथ ही युवा वैज्ञानिकों से नए विचारों के साथ अनुसंधान में आगे आने का आह्वान किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि एवं अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जे.डी. पाटिल ने कहा कि 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने में एनएमएल जैसे अनुसंधान संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने धातुकर्म, उन्नत कोटिंग्स और संक्षारण तकनीक के क्षेत्र में विदेशी निर्भरता कम करने की आवश्यकता बताई।
सीएसआईआर–एनएमएल के निदेशक डा. संदीप घोष चौधरी ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने जमशेदपुर स्थित सीएसआईआर–एनएमएल के 77वें स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए संस्थान के संस्थापक वैज्ञानिकों को श्रद्धांजलि दी तथा भारत के भविष्य के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराया। स्वतंत्रता के तुरंत बाद वर्ष 1950 में स्थापित एनएमएल ने इस्पात, खनन, एल्युमिनियम, ऊर्जा और परिवहन जैसे प्रमुख क्षेत्रों को लंबे समय से सहयोग प्रदान करते हुए एक अग्रणी अनुसंधान संस्थान के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।
इस अवसर पर एनएमएल ने पांच उद्योगों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र, प्रौद्योगिकी, आंतरिक परियोजना और कर्मचारी पुरस्कार प्रदान किए गए। कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन नियंत्रक, सीएसआईआर–एनएमएल
जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, डॉ. एस. शिवप्रसाद और प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण सहित संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *