July 18, 2026
SPORTS

जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (जेएसए) फुटबॉल लीग के विभिन्न डिवीजनों में खेले गए मुकाबलों में स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर, जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर और झारखंड बयार ने शानदार जीत दर्ज कर पूरे अंक हासिल किए। प्रीमियर डिवीजन के तहत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर ने क्लासिक एट स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से पराजित किया। स्पोर्टिंग क्लब की ओर से दासमाथ मुर्मू ने 30वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि 35वें मिनट में अमन कुमार ने गोल कर क्लासिक एट को बराबरी दिला दी। पहले हाफ के अतिरिक्त समय (45+1 मिनट) में नंदू सरदार ने गोल कर स्पोर्टिंग क्लब को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 81वें मिनट में नंदू सरदार ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम की 3-1 से शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।

सुपर डिवीजन में गोपाल मैदान पर खेले गए मुकाबले में जमशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर ने ठक्कर बप्पा क्लब को 2-1 से हराया। रवि राज मुर्मू ने 35वें मिनट में गोल कर इम्पैक्ट क्लस्टर को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 50वें मिनट पर मोहम्मद दानिश ने ठक्कर बप्पा क्लब के लिए बराबरी का गोल किया। मुकाबला रोमांचक बना रहा, लेकिन 79वें मिनट में रवि राज मुर्मू ने अपना दूसरा गोल कर टीम को जीत दिला दी।

ए डिवीजन (ग्रुप-ए) के मुकाबले में झारखंड बयार ने विजन एपेक्स फुटबॉल क्लब को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से शिकस्त दी। भीम सोरेन ने आठवें मिनट में खाता खोला। पहले हाफ के अतिरिक्त समय में लखपति मुर्मू ने दूसरा गोल किया, जबकि 40वें मिनट में रमेश मुर्मू ने तीसरा गोल दागकर टीम की बढ़त मजबूत कर दी। दूसरे हाफ के 61वें मिनट में बिक्रम सोरेन ने चौथा गोल कर झारखंड बयार की शानदार जीत पर मुहर लगा दी। तीनों मुकाबलों में विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों को महत्वपूर्ण तीन अंक दिलाए, जिससे लीग में उनकी स्थिति और मजबूत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *