बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान आखिरकार लंबे इंतजार के बाद फिल्मों में वापसी करने जा रहे हैं। साल 2015 में रिलीज हुई ‘कट्टी बट्टी’ के बाद बड़े पर्दे से दूर रहने वाले इमरान अब अपनी नई फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ के जरिए एक बार फिर दर्शकों के बीच नजर आएंगे।
इमरान खान की वापसी की खबर काफी समय से चर्चा में थी। इस साल फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में उनके छोटे से कैमियो के बाद फैंस को उम्मीद थी कि अभिनेता जल्द ही किसी बड़े प्रोजेक्ट में नजर आएंगे। अब इमरान ने खुद अपनी कमबैक फिल्म की जानकारी साझा कर दी है।
द हॉलीवुड रिपोर्टर को दिए इंटरव्यू में इमरान ने बताया कि ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन में है। उन्होंने बताया कि यह एक मैच्योर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जो उनकी मौजूदा उम्र और जिंदगी के अनुभवों से मेल खाती है। यह फिल्म Netflix पर रिलीज होगी और साल के अंत तक दर्शकों के सामने आने की संभावना है।
अभिनेता ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए सिर्फ वापसी का जरिया नहीं है, बल्कि एक ऐसा प्रोजेक्ट है जिसका वह लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इमरान के मुताबिक, फिल्म की कहानी उनके पिछले 10 वर्षों के अनुभवों और एक कलाकार के रूप में उनके सफर को दर्शाती है।
इमरान ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म को इसलिए चुना क्योंकि वह इसकी कहानी से खुद को जोड़ पाते हैं। फिल्म में वह युवा अभिनेता गुरफतेह पीरजादा के साथ नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ वही प्रोजेक्ट है जिसे वह एक दशक बाद करना चाहते थे।
गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से इमरान खान ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए रखी है। वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही दिखाई देते हैं और अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी शांत रहते हैं।
इमरान खान ने जेनेलिया देशमुख के साथ 2008 में आई फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म के बाद वह युवा दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए थे।
