May 29, 2026
ESCI

गोविन्दपुर व आसपास के क्षेत्र में स्थित कंपनियों व टाटा मोटर्स में अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहतभरी खबर सामने आयी है. झारखंड कर्मचारी राज्य बीमा सोसाइटी (ईएसआईसी) ने गोविंदपुर क्षेत्र में नया ईएसआईसी डिस्पेंसरी खोलने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. यह निर्णय 9 फरवरी 2026 को झारखंड कर्मचारी राज्य बीमा की प्रथम गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिया गया था. बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने की थी।

इसके बाद 15 मई 2026 को आयोजित झारखंड स्टेट एम्प्लॉइज इंश्योरेंस सोसाइटी की कार्यकारिणी समिति की बैठक में भी इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. गवर्निंग बॉडी व कार्यकारिणी समिति के सदस्य राकेश्वर पांडेय के अनुरोध पर गोविंदपुर क्षेत्र में ईएसआईसी डिस्पेंसरी खोलने का निर्णय लिया गया. इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने जानकारी दी कि इस निर्णय के बाद झारखंड कर्मचारी राज्य बीमा विभाग ने गोविंदपुर में उपयुक्त स्थान की तलाश शुरू कर दी है, जिससे जल्द से जल्द डिस्पेंसरी की स्थापना की जा सके।

उन्होंने कहा कि इस डिस्पेंसरी के खुलने से टाटा मोटर्स व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों व उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का फायदा मिलेगा. उन्होंने कहा कि इलाज के लिए दूर जाने की परेशानी भी कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *