July 13, 2026
bihar (1)

पूर्वी सिंहभूम में रविवार को ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड तथा मेजबानी ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम ने की। इसमें जिले के विभिन्न कराटे प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और ब्लैक बेल्ट अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सेमिनार एवं ग्रेडेशन परीक्षा का संचालन एसोसिएशन के चीफ टेक्निकल डायरेक्टर सिहान तारक नाथ सरदार ने किया। जापान से 6th डैन ब्लैक बेल्ट प्राप्त सिहान सरदार एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी तथा वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज एवं रेफरी कमीशन (KIO) के सदस्य हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को कराटे की आधुनिक तकनीकों, प्रतियोगिता के नियमों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की जजिंग एवं रेफरिंग की बारीकियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चीफ इंस्ट्रक्टर तथा स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम के अध्यक्ष सेंसेई शिवम कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, मानसिक विकास और शारीरिक फिटनेस का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य झारखंड के हर घर तक कराटे प्रशिक्षण पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक बहन और बेटी जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सके। उन्होंने कहा कि कराटे आज सेल्फ डिफेंस के साथ-साथ एक लोकप्रिय प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी तेजी से उभर रहा है और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

सेंसेई शिवम कुमार ने बेटियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन इस दिशा में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *