October 29, 2026
image (2)

भागलपुर जिले में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर साफ तौर पर दिखने लगा है. बुधवार की सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे, जिसके बाद गुरुवार सुबह करीब 7:00 बजे से जिले में बारिश शुरू हो गई. शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी के बाद बारिश ने तेज रूप ले लिया. अचानक हुई मूसलाधार बारिश के चलते सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई छात्र भीग गए, जबकि कई अभिभावक छाता और रेनकोट के सहारे बच्चों को स्कूल पहुंचाते नजर आए. बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक के मौसम को देखते हुए विशेष पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार के जिलों में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मध्यम स्तर की बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका बनी हुई है. इसके साथ ही इलाके में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *