June 3, 2026
politics (1)

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर जुगसलाई वार्ड पार्षद राहत हुसैन ने मंगलवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के महाप्रबंधक अजीत कुमार से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जुगसलाई में पानी की समस्या का मूल कारण बिजली आपूर्ति की अनियमितता है।

पार्षद राहत हुसैन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से जुगसलाई क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गिद्धी झोपड़ी स्थित इंटेक वेल पंप के लिए डेडिकेटेड फीडर नहीं होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती है। यदि अलग फीडर की व्यवस्था कर दी जाए तो इंटेक वेल पंप को निर्बाध बिजली मिल सकेगी और खरकाई नदी से वाटर फिल्टर प्लांट तक पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो पाएगी। वर्तमान में लोड शेडिंग के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में राहत हुसैन एवं जीशान हुसैन ने बिजली विभाग को एक ज्ञापन भी सौंपा। जीशान हुसैन ने महाप्रबंधक को बताया कि इस मुद्दे पर पूर्व में भी विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने जुगसलाई क्षेत्र में जर्जर हो चुके बिजली तारों को बदलने तथा उनकी जगह कवरयुक्त तार लगाने की मांग भी उठाई। साथ ही बढ़ती बिजली जरूरतों को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का आग्रह किया गया।

मौके पर उपस्थित झारखंड ह्यूमिनिटी फाउंडेशन के मोहम्मद हबीब और मोहम्मद हसनैन ने भी क्षेत्र की समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। मोहम्मद हबीब ने कहा कि लगातार हो रही लोड शेडिंग से आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गर्मी के मौसम में अनावश्यक लोड शेडिंग नहीं करने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि बिजली विभाग शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर जुगसलाई की जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *