June 3, 2026
bihar (1)

संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से संस्था के अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती की पहल पर बुधवार को परसुडीह थाना परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों की दृष्टि जांच की। इस दौरान आंखों से जुड़ी सामान्य समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी गई। साथ ही नेत्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए जागरूकता संबंधी जानकारी भी साझा की गई।

संस्था के अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा और सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल भी बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत पुलिसकर्मियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, ताकि वे समय-समय पर अपनी आंखों की जांच कराकर स्वस्थ जीवन जी सकें।

उन्होंने कहा कि संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

शिविर को सफल बनाने में संस्था की उपाध्यक्ष अल्पना भट्टाचार्य के अलावा मनीष, प्रदीप, एनिमा, दीप्ती, कुमकुम एवं अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताते हुए भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

वहीं, परसुडीह थाना के पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर पुलिसकर्मियों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *