डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल परिसर में आयोजित चार दिवसीय जोगा इंटर स्कूल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप 2026-27 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में शहर के 24 विद्यालयों की कुल 65 टीमों ने हिस्सा लिया। बालक और बालिका वर्ग के मुकाबलों में 820 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 24 सीनियर बालक, 21 जूनियर बालक, 11 सीनियर बालिका और नौ जूनियर बालिका टीमों ने भाग लिया। चार दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीवाईएसपी ट्रैफिक पुलिस, जमशेदपुर नीरज कुमार ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में जोगा के उपाध्यक्ष फिरोज खान भी मौजूद थे। इस अवसर पर डीबीएमएस संस्था की सचिव अनीता रामकृष्णा, कोषाध्यक्षा भुवना कृष्णन, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, संयुक्त कोषाध्यक्षा पी.एस. अरुणा, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय, एस. शिरीन, खेल विभाग की विभागाध्यक्षा सुप्रभा पांडा, शिक्षिका रेनू मुंडा एवं राकेश कुमार उपस्थित रहे।
सचिव अनीता रामकृष्णा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों का उत्साह, अनुशासन और खेल भावना सराहनीय है। वहीं प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना की। खेल विभाग की विभागाध्यक्षा सुप्रभा पांडा के मार्गदर्शन और खेल विभाग के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ।
ये टीमें रहीं विजेता
सीनियर बालिका: प्रथम डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल, द्वितीय जेएच तारापोर और तृतीय केपीएस मानगो।
जूनियर बालिका: प्रथम केपीएस मानगो, द्वितीय केपीएस गम्हरिया और तृतीय आरकेएमईएस।
सीनियर बालक: प्रथम विवेक विद्यालय, द्वितीय केपीएस गम्हरिया और तृतीय एनएमएलकेपीएस।
जूनियर बालक: प्रथम डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल, द्वितीय केपीएस बर्मामाइंस और तृतीय केपीएस गम्हरिया।
