भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की कुर्सी को लेकर जारी सस्पेंस के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अगरकर को हटाकर वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता बनाए जाने की चर्चा चल रही थी, लेकिन अब सूत्रों के हवाले से संकेत मिल रहे हैं कि अगरकर फिलहाल अपने पद पर बने रह सकते हैं।
दरअसल, बीसीसीआई में इस मुद्दे पर एक राय नहीं है। बोर्ड के एक वर्ग का मानना है कि वीवीएस लक्ष्मण को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की जिम्मेदारी के साथ सीनियर चयन समिति की कमान भी दी जा सकती है। वहीं, दूसरे वर्ग का मानना है कि टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और अगरकर के बीच अच्छी समझ है, इसलिए 2027 विश्व कप से पहले मौजूदा व्यवस्था को बदलने की जरूरत नहीं है।
इस मामले में 18 तारीख को होने वाली बीसीसीआई की एजीएम अहम मानी जा रही है। यहां मुख्य चयनकर्ता के भविष्य को लेकर चर्चा हो सकती है। हालांकि, अभी तक बोर्ड ने सीनियर चयन समिति के लिए आवेदन नहीं मांगे हैं, जबकि जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। यही वजह है कि अगरकर के बने रहने की संभावना को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता का पद संभाला था। उनका कार्यकाल जून में समाप्त हो गया था, जिसके बाद उन्हें सितंबर तक विस्तार दिया गया। इस दौरान भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते। इनमें दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं।
इसके बावजूद टीम चयन से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर अगरकर और चयन समिति की आलोचना भी हुई है। अब बीसीसीआई के सामने दो विकल्प हैं—अगरकर को 2027 विश्व कप तक बनाए रखना या फिर वीवीएस लक्ष्मण को नई जिम्मेदारी देना।
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत की जीत को अगरकर के लिए अहम माना जा रहा है। इस सीरीज के नतीजे के बाद उनके पक्ष में माहौल बन सकता है। अगरकर भी 2027 विश्व कप तक मुख्य चयनकर्ता के तौर पर काम करना चाहते हैं। ऐसे में अब सबकी नजरें बीसीसीआई की आगामी एजीएम पर हैं, जहां इस मामले पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
