138 वर्षों की समृद्ध को आगे बढ़ाते हुए डूरंड कप अपने ऐतिहासिक 135वें संस्करण के साथ 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट और दुनिया की तीसरी सबसे पुरानी लगातार आयोजित होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिता इस बार भी दो विदेशी टीमों सहित कुल 24 टीमों को एक मंच पर लाएगी। पांच मेज़बान शहरों में आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट भारतीय फुटबॉल में अपनी ऐतिहासिक और अहम पहचान को एक बार फिर मजबूत करेगा।
पिछले कुछ वर्षों में इंडियनऑयल डूरंड कप ने उल्लेखनीय विस्तार किया है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाने के साथ-साथ इसने देश के शीर्ष क्लबों, सर्विसेज़ टीमों और उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं को एक साथ लाने वाले प्रमुख मंच के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ किया है।
इस वर्ष टूर्नामेंट का आयोजन कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, इम्फाल और शिलांग में होगा, जिसमें रांची पहली बार डूरंड कप के मेज़बान शहर के रूप में शामिल होगा। मुकाबले कुल छह स्टेडियमों में खेले जाएंगे। कोलकाता में विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन और किशोर भारती क्रीड़ांगन मेज़बानी करेंगे, जबकि रांची का बिरसा मुंडा स्टेडियम, गुवाहाटी का इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम, इम्फाल का खुमान लंपाक स्टेडियम और शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम अन्य मेज़बान स्थल होंगे।
