टाटा स्टील के मासिक संवाद कार्यक्रम ‘एमडी ऑनलाइन’ में बुधवार को कर्मचारियों ने वेतन समझौता, अतिक्रमण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े अहम सवाल उठाए। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कलिंगनगर इकाई के कर्मचारी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि जमशेदपुर में कर्मचारियों का वेतन समझौता बेहतर हुआ है, लेकिन टाटा स्टील कलिंगनगर (टीएसके) के कर्मचारी अभी भी ग्रेड रिवीजन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मान्यता प्राप्त यूनियन कर्मचारियों को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है। इस पर अत्रेयी सान्याल ने बताया कि यूनियन का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। यूनियन चुनाव संपन्न होने के बाद नई यूनियन के साथ वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और चुनाव के लगभग तीन माह के भीतर ग्रेड रिवीजन पूरा करने का प्रयास होगा।
टीएमएच के कर्मचारी सी.एस. श्रीनिवासन ने मरीन ड्राइव की सर्विस रोड पर अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका जताते हुए उसे हटाने की मांग की। साथ ही उन्होंने मरीन ड्राइव के किनारे मैराथन ट्रैक विकसित करने का सुझाव भी दिया। इस पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरराम ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन के साथ बातचीत चल रही है और जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से मरीन ड्राइव मैराथन ट्रैक के लिए उपयुक्त नहीं है, इसलिए कंपनी वैकल्पिक स्थान पर विचार करेगी।
जोड़ा माइनिंग ऑपरेशन के कर्मचारी लीलाधर कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित हैं और उन्होंने इलाज के लिए उन्हें टीएमएच मुंबई रेफर करने का अनुरोध किया। इस पर विनीता सिंह ने कहा कि कंपनी मरीज को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की समीक्षा कर उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा और जो भी बेहतर संभव होगा, वह किया जाएगा। एमडी ऑनलाइन के दौरान प्रबंधन ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
