भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को टी-20 टीम की कप्तानी से हटाए जाने की पूरी तैयारी कर ली गई है. आगामी यूनाइटेड किंगडम दौरे के लिए टीम चयन से पहले ही बीसीसीआई की शीर्ष परिषद (एपेक्स काउंसिल) को इस फैसले से अवगत कराया जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले लगभग अठारह महीनों से खराब फॉर्म और लगातार रनों की कमी के चलते चयनकर्ता अब कप्तानी के साथ-साथ उन्हें टीम में बनाए रखने के पक्ष में भी नहीं हैं. बीसीसीआई के सूत्रों ने पुष्टि की है कि चयनकर्ता आईपीएल के अंत तक उनके फॉर्म में लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उनके लगातार निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए अब यह कड़ा फैसला लेना अनिवार्य हो गया है.
सूर्यकुमार यादव के हटने के बाद भारतीय टी-20 टीम की कमान संभालने की दौड़ में श्रेयस अय्यर और युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा सबसे आगे चल रहे हैं. श्रेयस अय्यर जहां अपनी आईपीएल जीतों और कप्तानी के अनुभव के कारण एक स्वाभाविक विकल्प माने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चयन समिति के कई सदस्य २३ वर्षीय तिलक वर्मा को उनकी उम्र और भविष्य को देखते हुए एक आदर्श दीर्घकालिक कप्तान के रूप में देख रहे हैं. तिलक वर्मा की कप्तानी क्षमताओं को परखने के लिए उन्हें श्रीलंका में होने वाली ‘ए’ सीरीज का कप्तान भी बनाया गया है. हालांकि, नए कप्तान का चयन पूरी तरह सीधा नहीं है, क्योंकि मुख्य कोच गौतम गंभीर की पसंद संजू सैमसन बताए जा रहे हैं, जबकि श्रेयस अय्यर के साथ उनके कुछ पुराने मतभेदों की भी चर्चा है, जिससे नए नेतृत्व का चयन काफी दिलचस्प हो गया है.
