May 13, 2026
sports

नवल टाटा हॉकी अकादमी में समर कैम्प शुरू हुआ. इसके साथ ही शहर के युवा हॉकी खिलाडिय़ों के लिए दो सप्ताह की एक प्रेरणादायक और परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत हुई. 11 से 23 मई तक आयोजित किए जा रहे कैम्प का उद्देश्य प्रतिभागियों को एक ऊर्जावान व पेशेवर प्रशिक्षण वातावरण प्रदान करना है, जहां वे विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की निगरानी में अपने तकनीकी कौशल को निखारने के साथ खेल की रणनीतिक समझ को भी बेहतर बना सकें।

प्रतिदिन सुबह साढ़े छ: बजे से आठ बजे तक आयोजित प्रशिक्षण सत्र में खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी फिटनेस, सहनशक्ति और फुर्ती को नई मजबूती मिलेगी।  एनटीएचए के हेड कोच मनीष कुमार ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को अनुशासित प्रशिक्षण व विशेषज्ञ मार्गदर्शन के माध्यम से निखारने के लिए अकादमी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में पूर्व भारतीय सेना हॉकी खिलाड़ी मनजीत सिंह ने युवा खिलाडय़िों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें खेल के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत व भारतीय हॉकी की गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेने का संदेश दिया. समर कैंप की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है, फिर भी एनटीएचए ने इच्छुक प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमित अवधि के लिए पंजीकरण प्रक्रिया खुली रखने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *