August 31, 2026
WEB_644b942c67fc7769d53a0045f750b4cb_186890387

महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में विशेष खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल हुए।

इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस का मुख्य आकर्षण राष्ट्रव्यापी ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान रहा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को कम-से-कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मनसुख मांडविया और अर्जुन राम मेघवाल ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की। सुबह आठ बजे से सैकड़ों प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान का उद्देश्य फिट इंडिया आंदोलन को मजबूत करना और लोगों को खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा, “मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य फिट इंडिया आंदोलन को बढ़ावा देना है।”

खेल मंत्री ने कहा कि देशभर में लाखों युवा सड़कों और मैदानों में एक घंटे खेलने के लिए सक्रिय रूप से आगे आ रहे हैं। डॉ. मांडविया ने कहा, “नए भारत के निर्माण के लिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर व्यक्ति स्वस्थ रहे और समाज स्वस्थ हो। यही हमें एक समृद्ध राष्ट्र बनाने में मदद करेगा। आइए, हर सप्ताह एक घंटा खेल के मैदान में बिताएं और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें।”

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से तनावमुक्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा, “खेल हमेशा मेरे जीवन का हिस्सा रहे हैं। कबड्डी और फुटबॉल से लेकर लगभग हर दिन बैडमिंटन खेलने तक, खेल मेरे जीवन का हिस्सा हैं। मेरा व्यक्तिगत मंत्र है- सुबह संगीत और शाम को खेल। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से हम शारीरिक रूप से फिट और स्वस्थ रहते हैं तथा मानसिक तनाव से भी दूर रहते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। क्रिकेट प्रतियोगिता में मंत्रालय इलेवन, भारतीय खेल प्राधिकरण इलेवन, मीडिया इलेवन और इन्फ्लुएंसर्स इलेवन ने हिस्सा लिया।

डॉ. मांडविया की कप्तानी वाली मंत्रालय इलेवन ने शुरुआती क्रिकेट मुकाबले में मीडिया इलेवन को शानदार अंदाज में हराया। मंत्रालय इलेवन में खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव समेत मंत्रालय के कई अधिकारी शामिल थे। वहीं, इन्फ्लुएंसर्स इलेवन में प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और फिट इंडिया एंबेसडर शामिल रहे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के इस आयोजन ने मेजर ध्यानचंद की महान विरासत को नमन करने के साथ देश में खेल, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के सरकार के संकल्प को भी दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *