August 19, 2026
sports

135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के तीसरे क्वार्टर फाइनल में जमशेदपुर एफसी को बेहद रोमांचक मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट के हाथों पेनल्टी शूटआउट में 8-9 से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद हुए मैराथन पेनल्टी शूटआउट में मोहन बागान ने बाजी मारकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले की शुरुआत मोहन बागान ने आक्रामक अंदाज में की। दूसरे मिनट में प्रणय हलधर के पास पर रशिथोई मीतेई नियंत्रण नहीं बना सके और साहल अब्दुल समद ने ढीली गेंद का फायदा उठाते हुए गेंद को गोलकीपर के दाईं ओर से नेट में डालकर मोहन बागान को 1-0 की बढ़त दिला दी।

शुरुआती झटके के बाद जमशेदपुर एफसी ने वापसी की कोशिश तेज कर दी। 17वें मिनट में लालहरियातपुइया चावंगथु के शानदार पास पर अमन सीके ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार बचाव करते हुए खतरा टाल दिया। 25वें मिनट में फ्री-किक पर प्रतीक चौधरी का प्रयास भी लक्ष्य से बाहर चला गया। मोहन बागान ने भी बढ़त मजबूत करने के कई मौके बनाए, लेकिन जमशेदपुर की रक्षापंक्ति ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। अंततः पहले हाफ के इंजुरी टाइम में जमशेदपुर ने बराबरी हासिल कर ली। रशिथोई ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया, जिसे कैथ पूरी तरह नहीं रोक सके। रिबाउंड पर देवेंद्र मुर्गांवकर ने गेंद को गोल में डालकर स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में जमशेदपुर एफसी ने बेहतर शुरुआत की और लगातार दबाव बनाया। अमन सीके ने अपनी तेजी और कौशल से मोहन बागान की रक्षापंक्ति को परेशान किया। दूसरी ओर मोहन बागान ने भी कई हमले किए, लेकिन जमशेदपुर के गोलकीपर एल्बिनो गोम्स और रक्षापंक्ति ने कई मौकों पर शानदार बचाव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *