May 15, 2026
school (1)

डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल की अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में ‘इटर एटर्नम’ नामक  सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया. कार्यक्रम में संस्कृति, संगीत, नृत्य और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और प्रार्थना गीत के साथ हुई. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पी एंड एम हाई टेक सिटी सेंटर मॉल, बिष्टुपुर के प्रबंध निदेशक आर.के. अग्रवाल थे. कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए स्कूल की उपलब्धियों की सराहना की।  समारोह का उद्देश्य छात्रों को भारतीय व विश्व संस्कृति की विविधताओं से परिचित कराना व उनमें कला, संगीत, नृत्य और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति रुचि विकसित करना था।

साथ ही स्कूल की 20 वर्षों की गौरवशाली यात्रा व सांस्कृतिक मूल्यों को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम की थीम ‘कॉस्मिक यात्रा’ पर आधारित थी, जिसमे एलियन पात्र ‘जाइरॉन‘ व ‘वेक्स’ के माध्यम से दर्शकों को विश्व भ्रमण कराया गया. कार्यक्रम में करीब 270 छात्रों ने नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारत सहित विश्व संस्कृति की झलक पेश की. कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत, पंजाब, बंगाल और झारखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में कथकली, आध्यात्मिक  नाट्य प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। छात्रों व शिक्षकों के संयुक्त रूप से तैयार किया गया स्पेसशिप मॉडल (यूएफओ) भी दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र रहा।

आधुनिक तकनीक व सृजनात्मकता से तैयार इस मॉडल ने ‘कॉस्मिक यात्रा’ थीम को जीवंत रूप प्रदान किया. स्कूल की प्राचार्या गुरप्रीत भामरा और उप-प्राचार्या सुपर्णा राय के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस मौके पर स्कूल के चेयरपर्सन (फाइनेंस) डा. बी चंद्रशेखर ने कहा कि स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और सृजनात्मकता का सशक्त मंच है. समारोह में संस्थान की संरक्षक भानुमति नीलकंठन, अध्यक्ष व प्रशासन प्रमुख बी एस चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्ण, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्ष भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्ष एस एस अरुणा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक छात्र व उनके अभिभावक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *